ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय (Late Queen Elizabeth II) का गुरुवार देर रात 11:15 बजे (भारतीय समयानुसार) निधन हो गया. 96 साल की महारानी स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कैसल में रह रही थीं. वह पिछले कुछ वक्त से बीमार थीं. इसी कैसल में उन्होंने अंतिम सांस ली. महारानी के निधन के बाद जहां ब्रिटेन में उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही हैं. पूरा शाही परिवार (British Royal Family) स्कॉटलैंड में मौजूद है. वहीं, एक महिला ने चौंकाने वाला दावा किया है. महिला ने दावा किया है कि उसने महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को निधन के एक घंटे बाद बादलों के रूप में देखा.
‘डेली स्टार’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इंग्लैंड के वेस्ट मिडलैंड्स में टेलफ़ोर्ड की रहने वाली लीन बेथेल ने फ़ेसबुक पर एक तस्वीर पोस्ट की. इस तस्वीर में बादल दिखाई दे रहे हैं. गौर से देखने पर ऐसा लगता है कि क्वीन एलिजाबेथ अपने सिग्नेचर हैट के साथ नज़र आ रही हैं. हालांकि, News18 ऐसे किसी दावों की पुष्टि नहीं करता है.
लीन बेथेल ने फोटो को शेयर करते हुए कैप्शन दिया: “घर की ओर ड्राइव करते हुए लेसी अचनाक चिल्ला उठी. मैं घबरा गई. फिर उसने बादलों में इस नजारे की ओर इशारा किया”. फेसबुक पर शेयर होने के बाद से ये फोटो वायरल हो गई है. खबर लिखे जाने तक इस फोटो को 16,000 से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं. अब तक इस फोटो पर 9,600 कमेंट आ चुके हैं. 33,000 से अधिक लोगों ने इसे शेयर किया है.
दरअसल, स्थानीय समयानुसार गुरुवार दोपहर को शाही परिवार ने पुष्टि की थी कि 96 वर्ष की उम्र में महारानी का निधन हो गया. शाही परिवार के मुताबिक, महारानी एलिजाबेथ ने स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कैसल में “शांतिपूर्वक” इस दुनिया को अलविदा कहा. बता दें कि महारानी एलिजाबेथ ने 70 साल तक ब्रिटिश राजगद्दी संभाली.
मेडिकल सुपरविजन में थीं महारानी
गुरुवार दोपहर को महारानी एलिजाबेथ की तबीयत नाजुक होने की खबर सामने आई थी. इसके बाद वे डॉक्टर्स की देखरेख में थीं. बीमारी की वजह से महारानी बाल्मोरल महल में रह रही थीं. वे सभी आधिकारिक काम इसी पैलेस से कर रही थीं. ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने 6 सितंबर को यहीं आकर उनसे मुलाकात की और यहीं शपथ ली थी.
QUEEN 14महारानी एलिजाबेथ ने 70 साल तक ब्रिटिश राजगद्दी संभाली.
शाही परिवार ने बताया था कि महारानी Episodic Mobility की दिक्कत से जूझ रही थीं. इस बीमारी में मरीज को खड़े होने और चलने में परेशानी होती है. उन्हें 19 फरवरी 2022 को कोरोना भी हुआ था.
