Recent Posts

US Open के सेमीफाइनल में पहुंचे फ्रांसिस टियाफो, एंडी रोडिक के बाद ऐसा करने वाले पहले अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी बने

08 सितंबर, 2022




US Open 2022: चौथे दौर में 22 बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन रफेल नडाल को हराकर अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज करने वाले 22वें वरीय टियाफो ने एक और उपलब्धि हासिल करते हुए रूबलेव को 7-6 (3), 7-6 (0), 6-4 से हराया।

साल के आखिरी ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट में गुरुवार तड़के (भारतीय समयानुसार) अमेरिका के फ्रांसिस टियाफो और पोलैंड की इगा स्वियेटेक ने इतिहास रचा। फ्रांसिस टियाफो ने खुद से बेहतर रैंकिंग वाले आंद्रे रुबलेव को सीधे सेटों में हराकर यूएस ओपन में मेन्स सिंगल्स के सेमीफाइनल में जगह बनाई। वह 2006 में एंडी रोडिक के बाद अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में पुरुष एकल के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले मेजबान देश के पहले खिलाड़ी बने।

यूएस ओपन में मेन्स सिंगल्स के सेमीफाइनल में 50 साल बाद किसी अश्वेत अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी ने जगह बनाई है। इससे पहले आर्थर ऐश ने यह उपलब्धि हासिल की थी। खास यह है कि टियाफो ने आर्थर ऐश स्टेडियम में ही यह उपलब्धि हासिल की। आर्थर ऐश ने 1972 में यूएस ओपन मेन्स सिंगल्स के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। उन्होंने तब टूर्नामेंट का फाइनल भी खेला था। हालांकि, फाइनल में वह रोमानिया के इली थियोडोरिउ नास्तासे (Ilie Theodorou Nastase) से हार गए थे।